शिमला। सुन्नी थाना क्षेत्र में सतलुज नदी में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। खेमराज (45) पुत्र मुशु राम निवासी गांव बालड़ी, शाकरा, तहसील करसोग, जिला मंडी का निवासी था तथा 9 अगस्त को चाबा क्षेत्र से लापता हो गया था। 11 अगस्त को परिजनों ने इसकी अपहरण की शिकायत सुन्नी थाना में दर्ज करवाई थी। खेमराज ठेकेदार के पास मजदूरी करता था। इसके शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। पानी में डूबने के कारण मौत बताई जा रही है। पुलिस ठेकेदार से भी इस मामले में पूछताछ कर रही हैै। पुलिस को सूचना मिली कि मंधरेच गांव के पास सतलुज नदी में एक शव तैर रहा है। इसके बाद सुन्नी थाना से एएसआई रामलाल शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक शव को नदी किनारे निकल लिया था। मृतक खेमराज के शव की पहचान उसके परिजनों ने की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सुन्नी अस्पताल ले गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण के बाद मृतक की विसरा रिपोर्ट फोरेंसिक लैंब जुन्गा भेज दी है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह सामने आएगी। एएसपी सुनील नेगी ने बताया कि मामले की तफ्तीश जारी है। गौरतलब हैै कि खेमराज अपने पीछे बूढ़े माता-पिता, पत्नी और एक बच्चे को छोड़ गया है। इसके भाई की भी कुछ साल पहले मौत हो चुकी है। इसके बाद से खेमराज परिवार में कमाई का एकमात्र जरिया था। प्रशासन ने मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि दी है।