भाजपा के महाजनसंपर्क अभियान के तहत सोमवार को नूरपुर के जसूर में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की जनसभा में भाजपा नेताओं ने कांग्रेस सरकार को जमकर लताड़ लगाई। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने गारंटियों के नाम पर सत्ता में आई सुक्खू सरकार को खूब खरी-खोटी सुनाई। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर फर्जी गारंटियों के नाम पर जनता को ठगने तक का आरोप लगाया।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि जो लोग फर्जी गारंटियों देकर सत्ता में आए हैं, वे प्रदेश की खस्ता वित्तीय हालत का रोना रो रहे हैं। छह माह के कार्यकाल में ही कांग्रेस की गारंटियों का सच जनता के सामने आ गया है। अनुराग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को ईमानदार और निर्णायक सरकार मिली है। यह मोदी सरकार की नीतियों का ही परिणाम है कि बीते नौ सालों में करीब 27 लोगों को गरीबी के चंगुल से निकाला गया।
नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के छह माह के कार्यकाल में एक हजार से ज्यादा संस्थानों पर ताला लटका है। व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर सत्ता हासिल करने के बाद प्रदेश में विकास के रास्ते ही बंद कर दिए गए हैं। भाजपा शासनकाल में केंद्र से कर्ज न लेने की नसीहत देने वाली कांग्रेस छह माह में सात हजार करोड़ का कर्ज ले चुकी है। ट्रेजरी बंद होने की कगार पर है। यही हालात रहे तो आने वाले समय में कर्मचारियों को सैलरी देने के लाले पड़ जाएंगे। कहा कि भाजपा सरकार की हर गारंटी का हिसाब विधानसभा के अंदर और बाहर लेगी।
प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का 9 साल का कार्यकाल ऐतिहासिक रहा है। प्रदेश भाजपा मोदी सरकार की उपलब्धियों को घर पर तक लेकर जाएगी। गौरव की बात है कि हिमाचल जैसे छोटे से राज्य से जेपी नड्डा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता अभी से लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाएं। पार्टी 8 लाख परिवारों से संपर्क करेगी व उन्हें मोदी सरकार की उपलब्धियों को लेकर प्रचार सामग्री भेंट की जाएगी।
ये रहे मौजूद
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन, सांसद किशन कपूर, प्रदेश संगठन मंत्री सिद्धार्थन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं रैली के प्रभारी विपिन परमार, प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर, पूर्व मंत्री राकेश पठानिया, सरवीण चौधरी, विधायक रणवीर सिंह निक्का, पवन काजल, डीएस ठाकुर, हंसराज, पूर्व विधायक विक्रम जरियाल, पवन नैयर, रीता धीमान, अर्जुन ठाकुर, अरुणकूका, रविंद्र धीमान, विशाल नैहरिया, मुलखराज प्रेमी, जिला अध्यक्ष रमेश राणा सहित पार्टी पदाधिकारी व वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।