शिमला। जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव को लेकर सोमवार को भले ही मतदान नहीं हुआ लेकिन कांग्रेस और भाजपा के बीच पूरा दिन सियासी हलचल तेज रही। सूत्रों के अनुसार भाजपा ने अपने जिला परिषद सदस्यों को शोघी में ठहराया था, जबकि कांग्रेस के सदस्य माल रोड पर सक्रिय रहे। दोनों दलों के नेताओं ने अपने सदस्यों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि चुनाव संबंधी कोई भी सूचना मिलते ही सभी सदस्य बचत भवन पहुंचेंगे। भाजपा के जिलाध्यक्ष केशव चौहान ने कहा कि भाजपा समर्थित उम्मीदवार ही जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर काबिज होंगे। अगली चुनाव तिथि पर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने कहा कि कांग्रेस के पास आवश्यक समर्थन मौजूद है। कई निर्दलीय सदस्य भी उनके साथ हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ही अपना अध्यक्ष और उपाध्यक्ष बनाएगी।