जुन्गा (शिमला)। राज्य सहकारी बैंक की जुन्गा शाखा और नाबार्ड के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को जुन्गा में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल लेनदेन और विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। इस दौरान लोगों को फर्जी कॉल से सतर्क रहने और किसी के साथ भी ओटीपी या गोपनीय बैंकिंग कोड साझा न करने की सलाह दी गई। शिविर में शाखा प्रबंधक नरेश कुमार और ऋषि कुमार ने डिजिटल बैंकिंग तथा नकदी रहित लेनदेन के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ऑनलाइन बैंकिंग का प्रचलन तेजी से बढ़ रहा है। इसके अलावा ग्रामीणों को राज्य सहकारी बैंक की मोबाइल एप्लीकेशन हिमपैसा के बारे में जानकारी दी गई। इस अवसर पर नारी शक्ति स्वयं सहायता समूह की प्रधान ममता राणा, सचिव सुनीता राणा के अलावा ज्योति स्वयं सहायता समूह, क्याणा, तारा माता स्वयं सहायता समूह, क्याणा, पूजा स्वयं सहायता समूह, आरती एसएचजी और सूरज एसएचजी के सदस्यों सहित जुन्गा पंचायत के लोग मौजूद रहे। संवाद