शिमला। शहर के शराब ठेकों पर एमआरपी से अधिक रेट पर शराब बेचने की शिकायतें आ रही हैं। इन शिकायतों पर विभाग अपने स्तर पर जांच कर कार्रवाई किए जाने के दावे कर रहा है, लेकिन शिकायत करने वाले ग्राहकों को राहत नहीं मिली है। एक ग्राहक ने शहर के एक ठेके में ओवर चार्जिंग की शिकायत विभाग की हेल्पलाइन नंबर पर और सीएम हेल्प लाइन नंबर पर भी की। इसके बावजूद ग्राहक से दूसरी बार भी बीयर की केन के प्रिंट रेट से बीस रुपये अधिक वसूले गए। शिकायतकर्ता ने बताया कि उन्होंने 23 अप्रैल को उसने ठेके से दो बीयर की बोतलें ली। इसमें प्रिंट रेट 220 रुपये प्रति बोतल था लेकिन उनसे 540 रुपये लिए गए। इसकी उन्होंने यूपीआई से पेमेंट की है। ग्राहक ने इसी ठेके से शुक्रवार को बीयर के दो कैन खरीदे जिस पर 180 रुपये एमआरपी होने पर भी दो सौ रुपये चार्ज किए गए। ग्राहक ने शुक्रवार को इसकी शिकायत भी विभाग के हेल्पलाइन नंबर पर की है। आबकारी विभाग के डिप्टी कमीश्नर गगनेश गुप्ता ने कहा कि शिकायत मिली है। यदि ओवरचार्जिंग के आरोप साबित होते हैं तो कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। ब्यूरो