शिमला। मशोबरा के यूको आरसेटी के प्रशिक्षण केंद्र में चल रहे ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत वीरवार को महिलाओं को हेयर रिबाउंडिंग का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में प्रशिक्षक रूपा सूद ने महिलाओं को हेयर रिबाउंडिंग की बारीकियां सिखाईं। प्रशिक्षण के दौरान रूपा सूद ने बालों को सीधा करने की आधुनिक तकनीक, केमिकल के सही इस्तेमाल, प्री और पोस्ट केयर तथा सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। हेयर रिबाउंडिंग आज के समय में ब्यूटी इंडस्ट्री का एक अहम हिस्सा बन चुकी है और इसे सीखकर महिलाएं स्वरोजगार शुरू कर सकती हैं। समन्वयक प्रवीण शर्मा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को कौशल विकास से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है। संवाद