हिमाचल के एसपी साइबर क्राइम संदीप धवल को केंद्रीय गृह मंत्री का जांच में सर्वश्रेष्ठ मेडल से नवाजा जाएगा। साल 2020 के लिए हिमाचल से अकेले उनका चयन किया गया है। धवल ने प्रदेश के बहुचर्चित करीब 4300 करोड़ के टेक्नोमैक घोटाले के टैक्स चोरी से जुड़े मुख्य केस की जांच कर रही एसआईटी की अध्यक्षता की है। इस एसआईटी ने न सिर्फ मामले की करीब दो साल लंबी जांच कर दो दर्जन से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार किया बल्कि मामले में कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर मामले के मुख्य आरोपी व कंपनी के मालिक रहे राकेश कुमार शर्मा का दुबई का ठिकाना भी ढूंढ निकाला। इस ठिकाने की जानकारी केंद्रीय जांच ब्यूरो की मदद से इंटरपोल को दी गई और इंटरपोल ने आरोपी शर्मा को दुबई में उसी ठिकाने से गिरफ्तार किया जिसकी जानकारी धवल ने दी थी। लंबी जांच में अब आरोपी शर्मा के प्रत्यर्पण की कवायद जारी है।