शिमला। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बालूगंज के राष्ट्रीय सेवा योजना एवं इको क्लब के विद्यार्थियों ने भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान के पास पौधारोपण किया। विद्यालय की प्रधानाचार्य रेखा राणा ने एनएसएस स्वयंसेवकों और इको क्लब के विद्यार्थियों को हरी झंडी दिखाकर अभियान के लिए रवाना किया। एनएसएस प्रभारी हेमंती पुनो के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने उस क्षेत्र में पौधरोपण किया जो वर्ष 2023 में बादल फटने की प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हुआ था। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बालूगंज के दिवंगत शारीरिक शिक्षा शिक्षक धर्मपाल की पुण्य स्मृति में पौधे लगाकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि भी अर्पित की। अभियान के समापन पर सभी स्वयंसेवकों ने लगाए गए पौधों की देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सदैव जागरूक रहने की शपथ ली। संवाद