पुलिस कर्मी पर डांगरू से किया था हमला
घटना के बाद से आरोपी चल रहा है फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। शादी समारोह में पुलिस कर्मी पर डांगरू (छोटी कुल्हाड़ी) से जानलेवा हमला करने के आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका अदालत ने खारिज कर दी है।
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश गौरव महाजन की अदालत ने माना कि आरोपी ने अपनी याचिका में पूर्व आपराधिक इतिहास छिपाया है और घटना के बाद से फरार चल रहा है। ऐसे में मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए उससे हिरासत में पूछताछ करना आवश्यक है। अभियोजन पक्ष के अनुसार शिकायतकर्ता पुलिस कर्मी दिनेश कुमार 11 नवंबर 2026 को रात करीब 11 बजे बघार चौकी में अपने एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने गए थे। इस दौरान कुपवी निवासी आरोपी मदन सिंह उर्फ काकू अपने तीन-चार साथियों के साथ वहां मौजूद था। शिकायतकर्ता ने वर्ष 2025 में कुपवी थाने में आरोपी के खिलाफ एक एफआईआर दर्ज करवाई थी। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने जान से मारने की नीयत से शिकायतकर्ता के सिर पर डांगरू से हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गहरा घाव हो गया और पीठ पर भी चोटें आईं। मौके पर मौजूद दोस्तों ने बीच-बचाव कर उन्हें अस्पताल पहुंचाया। इस संबंध में पुलिस थाना चौपाल में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष के अधिवक्ता ने दलील दी कि आरोपी को झूठा फंसाया है। शिकायतकर्ता ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए पहले आरोपी के साथ मारपीट की थी। लोक अभियोजक ने याचिका का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि आरोपी ने दूसरी बार शिकायतकर्ता पर हमला किया है। पुलिस जांच अभी शुरुआती चरण में है और आरोपी फरार चल रहा है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी।