शिमला। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला खलग में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत भ्रष्टाचार के खिलाफ लोगों को जागरूक किया गया। स्कूल के इंटीग्रिटी क्लब, एनसीसी और एनएसएस इकाई ने 26 अक्तूबर से एक नवंबर तक विभिन्न गतिविधियां आयोजित कीं। इस दौरान विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकाली और ईमानदारी की शपथ ली। विद्यार्थियों और स्वयंसेवियों ने स्कूल परिसर से जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट और बस स्टॉप तक रैली निकाली। रैली के माध्यम से भ्रष्टाचार के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए इसके खिलाफ आवाज उठाने का संदेश दिया। अंतरसदनीय चित्रकला, नारा लेखन, भाषण, प्रश्नोत्तरी और निबंध लेखन प्रतियोगिताएं भी हुईं। विद्यार्थियों ने पोस्टर और नारों से भ्रष्टाचार मुक्त समाज का संदेश दिया। इंटीग्रिटी क्लब के नोडल अधिकारी कमलेश कुमार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था में जवाबदेही, पारदर्शिता और ईमानदारी को बढ़ावा देना है। जुब्बड़हट्टी एयरपोर्ट के एपीडी सतीश कुमार ने कहा कि भ्रष्टाचार देश को दीमक की तरह खोखला कर रहा है। इसे रोकने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सतर्क रहने की जरूरत है। स्कूल के प्रधानाचार्य कुलभूषण शर्मा ने कहा कि भ्रष्टाचार समाप्त करने में युवाओं की अहम भूमिका है।