शिमला। राजकीय उच्च विद्यालय सहल में विश्व तंबाकू दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छात्रों ने तंबाकू का सेवन न करने की शपथ ली। नशे के विरुद्ध जागरूकता को लेकर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। छात्रों ने नशे के विरुद्ध नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद छात्रों ने रैली निकालकर नारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। इसके बाद स्कूल में चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। छठी से आठवीं तक की प्रतियोगिता में हर्षिता ने पहला, सातवीं की तनवी ने दूसरा और छठी कक्षा की नैंसी ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं, नौवीं और दसवीं कक्षा की प्रतियोगिता में नौवीं कक्षा की उर्वशी ने पहला, स्नेहा ने दूसरा और दसवीं की निधि ने तीसरा स्थान हासिल किया। स्कूल अध्यापिका रीता कुमारी ने बताया कि सभी छात्रों ने कार्यक्रम में बढ़चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को सम्मानित किया गया।