शिमला। लोरेटो कॉन्वेंट ताराहॉल विद्यालय में नशीले पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम को लेकर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के क्षेत्रीय अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता ने इसका आयोजन किया। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में 300 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में सीबीएसई पंचकूला के क्षेत्रीय अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता मुख्यातिथि रहे। कार्यक्रम में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के सहायक सचिव, उप-क्षेत्रीय कार्यालय शिमला, भूषण लाल और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की चंडीगढ़ क्षेत्रीय इकाई के सूचना अधिकारी परमजीत कुंडू विशेष रूप से मौजूद रहे। परमजीत कुंडू ने मुख्य वक्ता और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के प्रतिनिधि के रूप में प्रतिभागियों को नशीले पदार्थों के दुरुपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और शैक्षिक दुष्प्रभावों, उनसे बचाव के उपायों तथा युवाओं में जागरूकता की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। मुख्यातिथि राजेश कुमार गुप्ता ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और सकारात्मक जीवन विकल्प अपनाने के लिए प्रेरित किया। संवाद