ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग वन मंडल के अंतर्गत वन विभाग की ओर से जब्त लकड़ी की नीलामी 19 नवंबर को होगी। नीलामी मंडलीय वन अधिकारी (डीएफओ) ठियोग के कार्यालय में पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होगी। वन विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार नीलामी में लकड़ी के कुल 21 लॉट शामिल किए गए हैं। इनमें देवदार, राई और कैल की लकड़ी शामिल है। यह लकड़ी ठियोग रेंज कार्यालय परिसर, ब्लॉक वन कार्यालय मतियाना तथा बलसन रेंज परिसर में रखी गई है। नीलामी में भाग लेने के इच्छुक बोलीदाता किसी भी कार्यदिवस पर संबंधित परिसरों में जाकर लकड़ी का निरीक्षण कर सकते हैं। बोली लगाने के लिए प्रत्येक इच्छुक व्यक्ति को 5 हजार रुपये की धरोहर राशि जमा करवानी होगी। यह राशि नकद अथवा किसी राष्ट्रीयकृत बैंक के डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से डीएफओ ठियोग के पक्ष में जमा करवाई जा सकती है। विभाग के अनुसार नीलामी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सफल बोलीदाताओं को परिणाम की जानकारी मौके पर ही दी जाएगी। वन विभाग ने इच्छुक लोगों से निर्धारित तिथि और समय पर नीलामी में भाग लेने और बोली लगाने से पहले लकड़ी का निरीक्षण करने की अपील की है।