शिमला। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से जिला शिमला के विद्यार्थियों के लिए अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा-2026 रविवार 25 अक्तूबर को होगी। परीक्षा राजधानी के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पोर्टमोर में सुबह 11:00 से दोपहर 12:30 बजे तक होगी। परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को सुबह 10:00 बजे तक परीक्षा केंद्र में पहुंचना होगा। परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी कर दिए हैं। इसमें शिमला शहर के विभिन्न स्कूलों के 250 से अधिक छात्र-छात्राएं हिस्सा लेंगे। परीक्षा के लिए पात्र पाए गए सभी विद्यार्थियों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्रवेश पत्र का लिंक भेज दिया है। यदि किसी विद्यार्थी को प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में परेशानी होती है, तो उसे घबराने की जरूरत नहीं है। ऐसे विद्यार्थी अपने स्कूल का फोटोयुक्त पहचान पत्र या आधार कार्ड साथ लेकर परीक्षा केंद्र पहुंच सकते हैं। ब्यूरो