शिमला। प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को शिक्षा विभाग ने राहत दी है। विभाग ने छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए आवेदन और लंबित प्रक्रिया पूरी करने के लिए अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 नवंबर कर दी है। अब विद्यार्थी 30 नवंबर तक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकते हैं। उपनिदेशक उच्च शिक्षा लेखराज भारद्वाज ने सभी स्कूल प्रमुखों को लंबित प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने पाया है कि कई स्कूलों में प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति के तहत बड़ी संख्या में आवेदन दस्तावेजों की कमी और अन्य त्रुटियों के कारण लंबित हैं। ऐसे में स्कूल प्रमुख इन आवेदनों का स्कूल स्तर पर सत्यापन कर उन्हें दोबारा जमा करवाएं। शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए हैं कि पात्र और जरूरतमंद विद्यार्थियों के आवेदन निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे करवाए जाएं। संवाद