शिमला। पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ब्लॉक टुटू की त्रैमासिक बैठक बुधवार को टुटू में हुई। बैठक में पेंशनरों ने लंबित मांगों को लेकर चर्चा की।
पेंशनर नेताओं ने बैठक में सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो प्रदेशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश संयुक्त संघर्ष समिति के अतिरिक्त महासचिव भूप राम वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने एक जनवरी 2016 से 31 जुलाई 2016 के बीच सेवानिवृत्त हुए पेंशनर्स को 40 प्रतिशत लीव इनकैशमेंट और ग्रेच्युटी की अधिसूचना 31 जुलाई से पहले जारी करने का आश्वासन दिया था लेकिन अब तक इसे पूरा नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि 8 अगस्त को कांगड़ा के शाहपुर में संयुक्त संघर्ष समिति का सम्मेलन होगा। सरकार ने यदि इससे पहले मांगों को पूरा नहीं किया तो सम्मेलन से पेंशनर आगामी आंदोलन की रणनीति का एलान करेंगे। पेंशनर्स का अभी तक 15 प्रतिशत महंगाई भत्ता के अलावा कम्यूटेशन, लीव इनकैशमेंट और ग्रेच्युटी का भुगतान लंबित है। संवाद