तीन फीसदी बढ़ाए गए डीए को भी जल्द देने की उठाई मांग
सात तारीख से पहले मांगों को लेकर प्रबंधन को वार्ता के लिए बुलाने को कहा
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। एचआरटीसी पेंशनर मांगों को लेकर नौ जनवरी को निगम मुख्यालय का घेराव करेंगे। पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति ने प्रबंधन को 7 तारीख से पहले वार्ता के लिए बुलाने का अल्टीमेटम दिया है। अगर ऐसा नहीं हुआ तो प्रदेशभर के पेंशनर 9 जनवरी को मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करेंगे। पेंशनर्स संयुक्त संघर्ष समिति के सचिव राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि 29 नवंबर को पेंशनरों की मांगों को लेकर एक नोटिस दिया गया है। इसमें निगम मुख्यालय के घेराव की चेतावनी दी गई है। उन्होंने कहा कि अभी तक निगम प्रबंधन ने इस पर कोई कार्रवाई नहीं की है और न ही वार्ता की पहल प्रबंधन की ओर से की गई है। संयुक्त संघर्ष समिति ने चेतावनी देते हुए कहा कि 7 जनवरी के बाद किसी प्रकार की भी वार्ता प्रबंधन के साथ नहीं की जाएगी। संयुक्त संघर्ष समिति के दोनों संगठनों के शीर्ष पदाधिकारी और संघर्ष समिति के सभी सदस्य सामूहिक रूप से प्रचार व प्रसार की तैयारी में जुट गए हैं। समिति के मुताबिक नवंबर की पेंशन में अधिकारियों की ओर से जो बंदरबांट की गई है उसे दोबारा न दोहराया जाए, तीन फीसदी बढ़ाए गए डीए को निगम कर्मचारियों के समान पेंशनरों को भी जल्द दिया जाए। इसके अलावा संयुक्त संघर्ष समिति के 14 फरवरी को दिए गए मांगपत्र में दर्शाई गई मांगों पर चर्चा की जाए।