अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहर के लोअर बाजार में बिना अनुमति दुकानें सजा रहे बाहरी राज्यों के 8 तहबाजारियों का सामान नगर निगम की टीम ने जब्त कर लिया। निगम की टीम संपदा शाखा निरीक्षक रोशन की अगुवाई में रविवार को बाजार में पहुंची थी। इस दौरान कई तहबाजारियों ने अवैध रूप से सड़क पर दुकानें सजा रखी थीं। निगम टीम ने एक-एक करके इनका सामान जब्त कर लिया। अब जुर्माना भरने के बाद सामान वापस किया जाएगा। निगम प्रशासन का कहना है कि शहर में सिर्फ पंजीकृत तहबाजारियों को ही सामान बेचने की अनुमति है। बाहरी राज्यों से आने वाले तहबाजारियों का सामान आने वाले दिनों में भी जब्त किया जाएगा।