हिमाचल के विजेंद्र ने देश को दिलाया स्वर्ण
- फोटो : अमर उजाला
नई दिल्ली में दो नवंबर से छह नवंबर तक हुई अंतरराष्ट्रीय किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में हिमाचल के विजेंद्र ने भारत के लिए 79 किलोग्राम भार में स्वर्ण पदक हासिल किया है। विजेंद्र सरकाघाट की खुडला पंचायत के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि स्पर्धा में विभिन्न देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसमें से जर्मनी, इटली, उज्बेकिस्तान, कोरिया, अफगानिस्तान देश शामिल हुए। विजेंद्र ने अपनी जीत का श्रेय कोच हंस राज, परिजनों और सेवा के अधिकारियों को दिया। विजेंद्र को इस जीत के लिए किक बॉक्सिंग खेल संघ के महासचिव डॉ. संजय यादव ने भी बधाई दी।
विजेंद्र अब दिसंबर में होने जा रही एशियन इंडोर गेम्स में भारतीय किक बॉक्सिंग टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतियोगिता थाईलैंड में होगी। विजेंद्र पिछले 13 साल से भारतीय थल सेना में कार्यरत हैं। इन्होंने सेना में आर्मी सर्विस खेलों में भी भाग लिया है और कई पदक भी जीते हैं। अभी यह सेना में फिजिकल ट्रेनर और राष्ट्रीय स्तर के रेफरी, थर्ड इन ब्लैक बेल्ट हैं। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया है कि अगर वह कुछ करना चाहते हैं तो नशे से दूर रहें और खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लें।