शिमला। विशेष न्यायाधीश गौरव महाजन की अदालत ने एचआरटीसी बस में 10.190 ग्राम चिट्टा ले जाने के आरोपी हमीरपुर निवासी सुनील कुमार को सशर्त जमानत दे दी है। अभियोजन पक्ष के अनुसार 23 सितंबर 2026 को तड़के करीब चार बजे पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि सुनील कुमार हरिद्वार-अंबाला-करसोग रूट पर चलने वाली एचआरटीसी बस में चंडीगढ़ से चिट्टा लेकर आ रहा है। इसके बाद सुबह करीब 5:05 बजे पुलिस ने शोघी के पास बस को रोककर तलाशी ली। इस दौरान कंडक्टर के साथ वाली सीट पर बैठे आरोपी के कब्जे से 10.190 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस थाना वेस्ट में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। बचाव पक्ष और अभियोजन पक्ष की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने कहा कि दोष सिद्ध होने तक प्रत्येक व्यक्ति को निर्दोष माना जाता है। किसी आरोपी को अनिश्चितकाल तक न्यायिक हिरासत में रखना उचित नहीं है। अदालत ने आरोपी को जमानत देते हुए शर्त लगाई है कि वह जांच में पूरा सहयोग करेगा और साक्ष्यों से छेड़छाड़ नहीं करेगा। इसके अलावा वह अदालत की अनुमति के बिना देश नहीं छोड़ सकेगा। आरोपी को अपना मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया खातों का विवरण भी पुलिस एवं अदालत को उपलब्ध करवाना होगा। संवाद