शिमला। राजधानी के तारादेवी क्षेत्र में शराब के नशे में लापरवाही से स्कूटर चलाकर दुर्घटना को अंजाम देने के मामले में अदालत ने आरोपी को दोषी करार दिया है। न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी मनु प्रिंजा की अदालत ने दोषी को सजा सुनाने के लिए 4 नवंबर 2026 की तारीख तय की है। अभियोजन पक्ष के अनुसार 11 जनवरी 2019 को शाम करीब सवा पांच बजे तारादेवी पुलिस चेकपोस्ट के पास टुटू-तारादेवी मार्ग पर यह हादसा हुआ था। कंडाघाट निवासी मदन सिंह अपने भाई का ट्रक लेकर टुटू से जा रहे थे। इस दौरान सामने से आ रहे एक स्कूटर चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए ट्रक के अगले हिस्से में टक्कर मार दी। हादसे में अर्की निवासी स्कूटर चालक हरि नंद घायल हो गया। ट्रक चालक ने एंबुलेंस बुलाकर घायल को डीडीयू अस्पताल पहुंचाया जहां से उसे आईजीएमसी रेफर कर दिया गया। जांच के दौरान अस्पताल में लिए रक्त और मूत्र के नमूनों की फोरेंसिक जांच में अल्कोहल की मात्रा अधिक पाई गई थी। संवाद