चंडीगढ़ से शिमला ला रहे थे नशे की खेप, स्पेशल सेल की सूचना पर कार्रवाई
आरोपी युवक जम्मू-कश्मीर और युवती रोहडू़ की रहने वाली
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शिमला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शोघी में बस सवार युवक और युवती से 14 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में जम्मू-कश्मीर निवासी आरिफ हुसैन और रोहड़ू के लोअर कोटी निवासी नेहा को गिरफ्तार किया है। दोनों चंडीगढ़ से चिट्टे की खेप लेकर शिमला आ रहे थे। पुलिस के अनुसार 28 नवंबर को शिमला पुलिस के स्पेशल सेल को गुप्त सूचना मिली कि युवक और युवती बस में सवार होकर चंडीगढ़ से चिट्टा लेकर शिमला आ रहे हैं। पुलिस टीम ने शोघी में बस को रुकवाकर तलाशी ली। दोनों आरोपियों के कब्जे से 14 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। पुलिस थाना बालूगंज में दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आए थे और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। जिला पुलिस ने इस साल नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई की है। पिछले 11 महीनों में लगभग 317 केस दर्जकर 630 आरोपी गिरफ्तार किए हैं। इस साल अभी तक पुलिस 5.8 किलोग्राम चिट्टा बरामद कर चुकी है जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 30 करोड़ से अधिक है। पिछले साल के मुकाबले पुलिस ने इस साल 245 फीसदी अधिक नशा बरामद किया है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस नशा तस्करी का नेटवर्क तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।