शिमला। चेक बाउंस मामले में निर्धारित कानूनी अवधि पूरी होने से पहले शिकायत दायर करने पर अदालत ने आरोपी को बरी कर दिया है। न्यायाधीश सुस्मिता शर्मा की अदालत ने फैसले में स्पष्ट किया कि शिकायतकर्ता कानूनी नोटिस की तामील साबित नहीं कर सका। साथ ही नोटिस भेजने के बाद भुगतान के लिए निर्धारित 15 दिन की कानूनी अवधि पूरी होने से पहले ही अदालत में शिकायत दायर कर दी थी जो कानूनन मान्य नहीं है। यह चेक 2,03,959 रुपये का था। शिकायत के अनुसार हिमाचल प्रदेश अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास निगम ने रोहड़ू निवासी रविंद्र के खिलाफ परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) की धारा 138 के तहत शिकायत दर्ज करवाई थी। निगम का आरोप था कि रविंद्र ने दुकान खोलने के लिए छह प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर तीन लाख रुपये का ऋण लिया था। वर्ष 2023 में आरोपी ने ऋण भुगतान के लिए चेक जारी किया था, जो बैंक में पेश करने पर बाउंस हो गया। संवाद