शिमला। शैक्षणिक संस्थानों में अराजकता के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने शुक्रवार को शिमला में रैली निकालकर धरना-प्रदर्शन किया। अराजकता हटाओ, लोकतंत्र अपनाओ अभियान के तहत आयोजित इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर शिक्षण संस्थानों में लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत करने और विद्यार्थियों को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता देने की मांग उठाई। एबीवीपी शिमला महानगर के कार्यकर्ताओं ने रैली निकालकर अपना विरोध दर्ज करवाया। प्रदर्शन के दौरान परिषद के कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध करना प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है, लेकिन इसके नाम पर शिक्षण संस्थानों का माहौल खराब करना और आम लोगों की परेशानियां बढ़ाना स्वीकार्य नहीं है। जिला संयोजक सूर्यांश भारद्वाज ने कहा कि शैक्षणिक परिसरों में विचारों की स्वतंत्रता और स्वस्थ संवाद का माहौल होना चाहिए। किसी भी विचारधारा को विद्यार्थियों पर थोपने के बजाय उन्हें अपनी बात रखने का समान अवसर मिलना चाहिए। परिषद ने युवाओं से लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने और शिक्षण संस्थानों में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने का आह्वान किया। संवाद