शिमला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की विवि इकाई और हिम सिने सोसायटी ने वीरवार को विवि के सभागार में छात्र-छात्राओं को गदर-2 मूवी दिखाई। इस मौके पर भारतीय चित्र साधना द्वारा आयोजित पांचवें चित्र भारती फिल्म उत्सव के पोस्टर का भी अनावरण किया गया। इस मौके पर राष्ट्रीय फिल्म सेंसर बोर्ड की सदस्य एवं सोसायटी की उपाध्यक्ष भारतीय कुठियाला भी मौजूद रहीं। उन्होंने बताया कि 23, 24 और 25 फरवरी 2024 को पंचकूला हरियाणा में चित्र भारती फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। इसमें डॉक्यूमेंट्री, शॉर्ट फिल्म, चिल्ड्रन फिल्म और कैंपस फिल्मों की प्रविष्टियां आमंत्रित की जा रही हैं। इसके लिए 18 अक्तूबर से 19 नवंबर 2023 तक प्रविष्टियां भेजी जा सकती हैं। इस मौके पर सोसायटी के सदस्य कपिल शर्मा वीर बहादुर सिंह भी मौजूद रहे। ब्यूरो