शिमला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 78वें स्थापना दिवस और राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस पर वीरवार को गेयटी थियेटर में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। शिमला महानगर इकाई की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में परिषद के पूर्व कार्यकर्ता अजय शर्मा जंगी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। संगोष्ठी में अभाविप की 78 वर्षों की संगठनात्मक यात्रा, राष्ट्र निर्माण में विद्यार्थी शक्ति की भूमिका, शिक्षा सुधार और वर्तमान समय में युवाओं के दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि परिषद स्थापना काल से ही राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ छात्रहित, शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन और सामाजिक उत्तरदायित्व के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस दौरान रमन शर्मा को शिमला महानगर अध्यक्ष और कुणाल गांगटा को शिमला महानगर मंत्री का दायित्व सौंपा गया। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. हरीश गौतम विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। संवाद