शिमला। शहर के जाखू मंदिर के पास एक तहबाजारी को बैठाए जाने के विरोध में स्थानीय कारोबारी सोमवार को पार्षद शीनम कटारिया की अगुवाई में महापौर सुरेंद्र चौहान से मिले। दुकानदारों ने कहा कि मंदिर परिसर के पास अभी तक पांच तहबाजारियों को ही सामान बेचने की अनुमति दी थी। अब अचानक एक और तहबाजारी को यहां बैठा दिया है। तहबाजारी दावा करता है कि संपदा शाखा के किसी अधिकारी ने उसे यहां बैठने की अनुमति दी है। महापौर ने कहा कि कोई भी अधिकारी ऐसी अनुमति नहीं दे सकता। इसकी जांच की जाएगी। इस बारे में संपदा शाखा से रिपोर्ट ली जाएगी। बिना पहचान पत्र किसी भी जगह पर बैठने की अनुमति नहीं होगी। ब्यूरो