झाकड़ी में एनएच पांच पर पलटा सेब से लदा ट्रक। स्रोत : जागरूक पाठक
दुकान के पास हादसा, पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला किया दर्ज
रामपुर बुशहर। झाकड़ी बाजार में सोमवार को सेब से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर एनएच-पांच पर पलट गया। हादसे में दुकान के पास खड़ी एक वैन और प्लाईवुड बोर्ड समेत अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। पुलिस के अनुसार हादसे को लेकर झाकड़ी निवासी तरसेम लाल ने शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया कि एचपी 63सी-8390 वाला सेब से लदा ट्रक उनकी दुकान के पास पलट गया। ट्रक को चौपाल निवासी दीक्षु चौहान चला रहा था। हादसे के कारण दुकान के पास खड़ी उनकी वैन, प्लाईवुड बोर्ड और अन्य सामान को नुकसान पहुंचा है। पुलिस थाना झाकड़ी में ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(ए) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा कि मामले की जांच जारी है।