हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में एलएलबी के प्रथम सेमेस्टर के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। हालांकि प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि छात्रावास की पांचवीं मंजिल से गिरने से छात्र की मौत हुई है। मृतक की पहचान अखिल मेथिस पुत्र भजन सिंह निवासी शौंग तहसील सांगला जिला किन्नौर के रूप में हुई है। बालूगंज थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अखिल को शहीद भगत सिंह छात्रावास में कमरा नंबर 308 इसी माह अलॉट हुआ था। शुक्रवार को विश्वविद्यालय में पर्यटन दिवस पर कार्यक्रम था। इसमें अखिल भी मौजूद था। रात करीब 11:00 बजे वह दोस्तों के साथ छात्रावास पहुंचा। रात 12:00 बजे के करीब अखिल की तबीयत खराब हुई और वह कमरे से बाहर निकला। इस दौरान उल्टी करते हुए युवक अनियंत्रित होकर छात्रावास की पांचवीं मंजिल से नीचे गिर गया।
गिरने की आवाज सुनकर अन्य कमरों में सोए युवक बाहर निकले तो देखा कि वह जमीन पर लहूलुहान पड़ा था। साथी छात्र निखिल को फौरन आईजीएमसी अस्पताल लेकर गए, लेकिन यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही चीफ वार्डन आरएल जिंटा और मुख्य सुरक्षा अधिकारी जीडी शर्मा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का दौरा किया। पुलिस भी मौके पर पहुंची छात्रों और एचपीयू स्टाफ के बयान दर्ज किए।
पुलिस ने बालूगंज थाना में केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। पुलिस ने युवक के परिजनों को इस संबंध में सूचित कर दिया है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।