शिमला। आईजीएमसी के डी ब्लॉक की धरातल मंजिल में लगी सीटी स्कैन मशीन में कुछ दिनों से स्कैन नहीं हो रहे हैं। ऐसे में मरीजों को आपातकालीन विभाग में लगी मशीन से ही स्कैन करवाने के लिए जाना पड़ रहा है। आपातकालीन विभाग में लगी मशीन में मरीजों की संख्या बढ़ने से स्कैन की लंबित तारीखें मिल रही हैं। जानकारी के मुताबिक डी ब्लॉक में वर्ष 2011 में लगी सीटी स्कैन मशीन पुरानी हो चुकी है तथा दोबारा खराब हो गई है। इसकी कंपनी से मरम्मत करवाना भी अब अस्पताल प्रबंधन के लिए मुश्किल हो रहा है, मशीन में बार-बार खराब होने की दिक्कतें आ रही हैं। ऐसे में अस्पताल प्रशासन के लिए संभव नहीं हो पा रहा है कि इसकी मरम्मत करवा कर इसे चालू हालत में रखे। नई मशीन के लगने पर मरीजों को पहले की तरह परिसर में ही दो जगह सीटी स्कैन करवाने की सुविधा मिलना शुरू हो जाएगी। ब्यूरो