शिमला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की विवि इकाई ने कैंपस की ज्ञान पथ सड़क की दशा को सुधारने और छात्रावासों में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग को लेकर नगर निगम की मेयर कुसुम सदरेट से मुलाकात की। इकाई सचिव सुयश पवार की अगुवाई में मिले एबीवीपी नेताओं ने मेयर के सामने विस्तार से कैंपस की इन समस्याओं को उठाया और कहा कि कैंपस की मुख्य सड़क ज्ञान पद की हालत दयनीय बनी हुई है। छात्रावासों को जाने वाली सड़कों की हालत भी खराब है। इनमें टारिंग उखड़ जाने के कारण पत्थर नजर आने लगे हैं। यदि समय से इन गड्ढों को न भरा गया तो यहां कभी भी कोई हादसा हो सकता है। छात्रावासों में पानी भी छात्रों को पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल रहा है। इससे आम छात्र परेशान हो रहे हैं। समर हिल चौक पर स्ट्रीट लाइट भी खराब पड़ी हुई है। मेयर ने छात्रों की इन मांगों को सुनने के बाद भरोसा दिया कि मांगें जल्द पूरी कर दी जाएंगी। सड़कों की टारिंग जल्द करवाई जाएगी और स्ट्रीट लाइट ठीक करवा दी जाएगी। वहीं, पेयजल समस्या का भी समाधान कर दिया जाएगा, इसके लिए अलग से भंडारण टैंक का निर्माण करवाया जा रहा है।