हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में भरे जाने वाले पार्ट टाइम मल्टी टास्क वर्करों के पदों के लिए 770 आवेदन मुख्यमंत्री कार्यालय में आए हैं। नियम 18 के तहत करुणामूलक आधार पर मुख्यमंत्री को इन आवेदकों को नौकरी देने की संस्तुति करने का अधिकार प्राप्त है। मुख्यमंत्री के गृह जिला मंडी से सबसे अधिक 201 आवेदन आए हैं। सबसे कम आवेदन जिला किन्नौर से आए हैं। प्रदेश में कुल आठ हजार पदों पर पार्ट टाइम मल्टी टास्क वर्करों की सरकारी स्कूलों में भर्ती होनी है। चार हजार का मुख्यमंत्री की संस्तुति और चार हजार का आवेदन आधार पर चयन नौकरी के लिए किया जाएगा। सोमवार को विधायक राकेश सिंघा और विनय कुमार के सवाल का लिखित जवाब देते हुए शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ने बताया कि गरीबी रेखा से नीचे और कम आय के प्रमाणपत्र लाने वाले पात्र लोगों को नियम 18 के तहत नौकरी दी जाएगी। एक विधानसभा क्षेत्र को आवंटित किए गए कुल पदों में से पचास फीसदी पदों पर ही मुख्यमंत्री की संस्तुति पर नौकरी दी जाएगी।
जिला मुख्यमंत्री को किए आवेदन
मंडी 201
सिरमौर 196
शिमला 141
ऊना 74
कांगड़ा 47
कुल्लू 41
सोलन 23
बिलासपुर 15
हमीरपुर 14
चंबा 13
किन्नौर 5
कुल 770