आरकेएमवी में कैंसर से बचाव पर किया जागरूक
शिमला। राजकीय कन्या महाविद्यालय में वीरवार को कॉलेज के रेड क्रॉस क्लब आरकेएमवी और लायनेस क्लब ने छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें छात्राओं को कैंसर रोग के कारण और उससे बचाव के बारे में जानकारी दी गई। काउंसलर डॉ. मनीश गुप्ता (कैंसर अस्पताल शिमला) ने छात्राओं को कैंसर रोग के बढ़ते मामलों के बारे में बताया। वहीं, डॉ. अंजू चानना ने महिलाओं को होने वाले गर्भाश्य, ग्रीवा और स्तन कैंसर के लक्षण और इसके टेस्ट व उपचार के बारे में जानकारी दी। काउंसलर कल्पना संधाईक ने छात्राओं को कैंसर रोगियों की सेवा के लिए प्रेरित किया। इस दौरान छात्राओं के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कॉलेज प्राचार्य नवेंदु शर्मा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आयोजक क्लब को बधाई दी। यूथ रेड क्रॉस क्लब आरकेएमवी की संयोजिका सरोज भारद्वाज ने बताया कि सैकड़ों छात्राओं ने इसमें भाग लिया। इसमें लायनेस क्लब की प्रधान ममता छाबड़ा सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।