कांग्रेस, भाजपा और माकपा उम्मीदवार कल करेंगे नामांकन
शिमला। शहरी, शिमला ग्रामीण और कसुम्पटी विधानसभा सीटों के लिए सोमवार को ज्यादातर दिग्गज नेता नामांकन भरने वाले हैं। नामांकन के आखिरी दिन शिमला शहरी सीट से कांग्रेस उम्मीदवार हरभजन सिंह भज्जी, भाजपा उम्मीदवार सुरेश भारद्वाज और माकपा प्रत्याशी संजय चौहान नामांकन भरेंगे। शिमला ग्रामीण सीट से भाजपा के प्रमोद शर्मा नामांकन करेंगे। टिकटों के सस्पेंस के बीच विक्रमादित्य सिंह भी कल नामांकन कर सकते हैं। उनकी ओर से रैली निकालने को लेकर भी सुबह साढ़े 11 बजे से दोपहर साढ़े 12 बजे तक अनुमति ली गई है। कसुम्पटी से भाजपा की ओर से विजय ज्योति सेन जबकि माकपा उम्मीदवार कुलदीप सिंह तंवर नामांकन भरेंगे। इनके अलावा कई आजाद उम्मीदवार भी नामांकन करने पहुंच सकते हैं। सोमवार को नामांकन का आखिरी दिन है।