शिमला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई ने शहीदी दिवस पर विश्वविद्यालय परिसर में रक्तदान शिविर लगाया। इसमें 53 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। शिविर में शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के बलिदान को नमन किया गया। कार्यक्रम में अधिवक्ता डिकन ठाकुर मुख्य अतिथि रहे जबकि एबीवीपी के राज्य विश्वविद्यालय कार्य प्रमुख अश्वनी ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। शिविर का शुभारंभ शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया गया। मुख्य अतिथि ने रक्तदान को महादान बताते हुए युवाओं से समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस तरह के आयोजन न केवल जरूरतमंदों की मदद करते हैं बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी देते हैं। संवाद