एचपीयू पुस्तकालय में पेयजल संकट
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के पुस्तकालय में छात्रों को पीने को पानी नहीं मिल पा रहा है। पानी न मिलने के कारण इन दिनों चल रही परीक्षा की तैयारियों में जुटे छात्र-छात्राओं को परेशान होना पड़ रहा है। एसएफआई की विवि इकाई सचिव अनिल नेगी और उपाध्यक्ष आदिति ने कहा कि विवि प्रशासन के समक्ष इस मांग को उठाया गया, बावजूद इसके पुस्तकालय में छात्र-छात्राओं को पीने का पानी नसीब नहीं हो पा रहा है। छात्रों को ऐसे में पीने के लिए बोतल बंद पानी खरीदना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय में बैठने, पीने के पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं तक प्रशासन मुहैया नहीं करवा पा रहा है। पुस्तकालय की इन समस्याओं से रोजाना यहां पढ़ाई करने आने वाले सैकड़ों छात्रों को परेशान होना पड़ रहा है। अनिल ने मांग की है कि पीने के पानी की पुस्तकालय में जल्द व्यवस्था की जाए। जरूरत पड़ी तो इस समस्या को लेकर एसएफआई आंदोलन भी कर सकती है।