अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। ईसीआई शेलेट डे स्कूल शिमला के 9वीं कक्षा के छात्रों ने मंगलवार को 10वीं कक्षा के छात्रों को विदाई पार्टी दी। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि प्रधानाचार्या ममता राठौर उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर दसवीं कक्षा के छात्रों के लिए कैटवॉक स्पर्धा का आयोजन भी किया गया। इसमें निर्णायक स्कूल की प्रधानाचार्या ममता राठौर के अलावा मंजू सूद और अंजली ममिक रहीं। स्पर्धा में श्रेया राणा को मिस शेलेट और अनिश जोगी को मिस्टर शेलेट चुना गया। इसके अलावा प्रियंका ठाकुर को बेस्ट ड्रेस्ड गर्ल और सोहेल अहमद को बेस्ट ड्रेस्ड ब्वॉय के खिताब से नवाजा गया। इस मौके पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत नौवीं कक्षा की छात्राओं नेहल, प्रियंका, अकांक्षा, अन्नया और फिजा ने ‘मोह-मोह के धागे’ गीत पर शानदार डांस की प्रस्तुति दी। नीलेश बाली और ईशान ने ‘सनम रे’ गीत गाया। नौवीं कक्षा के छात्र निहाल ने ‘मोह-मोह के धागे’ गीत की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में शिक्षिका मीनाक्षी सूद ने ‘आने वाला पल’ गीत गा कर खूब वाहवाही बटोरी। दसवीं कक्षा के छात्र अभिनव ने ‘हमारी अधूरी कहानी’ और नौवीं कक्षा के छात्र मानस ने ‘इजहार’ गीत पर डांस किया। नौवीं कक्षा की छात्रा प्राची ने कार्यक्रम में आने के लिए सभी शिक्षकों और वरिष्ठ छात्रों का आभार जताया। प्रिंसिपल ममता राठौर ने दसवीं कक्षा के छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।