अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। दूरसंचार सलाहकार समिति की बैठक सोमवार को आयोजित की गई। अध्यक्षता सांसद वीरेंद्र कश्यप ने की। बैठक में शिमला दूरसंचार जिला के महाप्रबंधक एमसी सिंह ने कहा कि निगम उपभोक्ताओं को वॉय फाई हॉट स्पॉट जैसी आधुनिक संचार प्रणाली से 4जी सेवा आरंभ कर चुका है। वर्तमान में जिले के 11 शहर और 20 ग्रामीण क्षेत्रों में वॉय फाई हॉट स्पॉट लगाए जा चुके हैं, जबकि पुराने 2जी बीटीएस को 3जी में बदलने का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि जहां सिगनल नहीं है, ऐसे 10 स्थानों को चिन्हित कर नए बीटीएस लगाने की तैयारी की जा रही है। यह 10 बीटीएस पान्पो (बंजारा कैंप), गुम्मा पुड़ग, छैला टॉप, बनूटी (घणाहट्टी) न्यायिक परिसर, चिड़गांव बाजार, समोली (भराडा रोड), पानवी दुतारंग और चनावग में लगेंगे। उन्होंने बताया कि शिमला एक्सचेंज को अति आधुनिक एनजीएन एक्सचेंज में अपग्रेड किया जा रहा है। शिमला शहर में मोबाइल सिग्नल को बेहतर करने के लिए 15 नए बीटीएस लगाने के लिए नगर निगम से अनुमति नहीं मिली है। अगर नगर निगम अनुमति देता है तो समस्या का समाधान हो सकता है।