अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल अस्पताल के नजदीक नेपाली मूल के व्यक्ति सागर ने अपने पुराने मकान मालिक को जलाने के मकसद से घर में आग लगा दी। सागर ने पहले उसके मेन दरवाजे की कुंडी बंद की और उसके बाद मिट्टी का तेल छिड़क कर आग सुलगा दी। पुलिस में दी शिकायत के मुताबिक आईजीएमसी के नजदीक पैलेस होटल के समीप रहने वाले संत ने कहा कि सोमवार रात को जब वह सोया हुआ था तो करीब ढाई बजे उसके पुराने किरायेदार सागर ने उसके घर के दरवाजे में कुंडी लगा दी और मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा दी। शिकायतकर्ता ने बताया कि रविवार को सागर की पत्नी के साथ लड़ाई हुई थी और वह उसके यहां रहने के लिए उसके घर आग गई। इसी के चलते दूसरे दिन सोमवार को उसने उसके घर में आग लगाने की घटना को अंजाम दिया। उसने कहा कि जैसे ही सागर ने दरवाजे में कुंडी लगाई, उसकी आवाज उसके कुत्ते ने सुन ली और वह भौंकने लग गया। भौंकनी की आवाज सुनते ही वह उठ गया और उसका एक गोपी नाम का किरायेदार भी जाग गया। इसके बाद उन्होंने आग पर काबू पा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। एसपी सौम्या सांशिबन ने घटना की पुष्टि की है।