शिमला। जिला शिमला में सोमवार रात और मंगलवार को हुई बारिश के कारण लोक निर्माण विभाग के शिमला तथा रामपुर सर्किल की 28 सड़कें बाधित हुई हैं। इनमें रामपुर सर्किल में 25 जबकि शिमला सर्किल में तीन सड़कों में यातायात बाधित हुआ। लोक निर्माण विभाग के दोनों सर्किल की इन सड़कों को खोलने के लिए मशीनें और मजदूर लगाकर बहाल करने के लिए दिनभर कार्य किया गया। देर शाम तक शिमला सर्किल की बंद हुई तीनों सड़कों पर यातायात बहाल कर दिया गया। रामपुर सर्किल की छह सड़कें खोल दी थीं। विभाग का दावा है कि नौ बंद हुई सड़कों को बुधवार तक जबकि शेष दस सड़कों को वीरवार तक खोल दिया जाएगा। इसके लिए कार्य जारी है। ब्यूरो