हिमाचल भवन पहुंचे खिलाड़ी व अन्य स्टाफ।
- फोटो : अमर उजाला
केरल के 18 विद्यार्थी सुरक्षित पहुंचाए खीरगंगा से कसोल
कुल्लू में बारिश के बाद अभी भी जनजीवन पटरी पर नहीं लौट पाया है। भारी बारिश के बीच मणिकर्ण के खीरगंगा में केरल के 18 विद्यार्थी फंस गए थे, जिन्हें महादेव नेचर एडवेंचर के सदस्यों ने खीरगंगा क्षेत्र से सुरक्षित कसोल पहुंचाया है। बता दें कि मेडिकल के विद्यार्थियों का ग्रुप आठ जुलाई को खीरगंगा पहुंचा था, लेकिन लगातार बारिश होने के बाद यह खीरगंगा में ही फंस गए थे। महादेव नेचर एडवेंचर के सदस्यों ने इन विद्यार्थियों को 11 जुलाई को खीरगंगा से कसोल लाने का निर्णय लिया और वहां से कसोल के लिए चल पड़े। खीरगंगा से कसोल पहुंचने तक महादेव नेचर एडवेंचर के सदस्यों और विद्यार्थियों को दो दिन का समय लग गया है। बीच में उन्होंने पुलगा में रूकना समझदारी समझी। करीब 31 किलोमीटर के इस सफर में 20 लोगों को कसोल पहुंचने के लिए उफान पर नदी-नालों और क्षतिग्रस्त और जोखिम भरे रास्तों को पार करना पड़ा। कसोल पहुंचने पर विद्यार्थियों ने राहत की सांस ली। महादेव नेचर एडवेंचर के गाइड टीटू ने कहा कि केरल के 18 विद्यार्थियों जिनमें 12 छात्राएं और आठ छात्र शामिल हैं। उन्हें खीरगंगा से सुरक्षित कसोल पहुंचाया गया है। कहा कि 11 को खीरगंगा से चले और 13 जुलाई दोपहर बाद यह कसोल पहुंचे हैं। इनके साथ गाइड अनिता भी मौजूद रहीं।