अब नहीं सताएंगे अघोषित कट, तारों के जंजाल से मिलेगी निजात
3.41 करोड़ से बदला जा रहा नालागढ़ शहर का विद्युत ढांचा, विद्युत सिस्टम हो रहा अपग्रेड
सोलर सिस्टम लगाने का कार्य शुरू, लगेंगे 29 नए ट्रांसफार्मर, 18 किए जाएंगे अपग्रेड
बदले जाएंगे हाई टेंशन और लो टेंशन बिजली के तार
अमर उजाला ब्यूरो
नालागढ़ (सोलन)। नालागढ़ शहर में अब अघोषित कटों से राहत के साथ बिजली के तारों के जंजाल से भी राहत मिलने वाली है। शहर में विद्युत सिस्टम को अपग्रेड कर हाई टेंशन और लो टेंशन तारों को बदला जा रहा है। वहीं 29 नए ट्रांसफार्मर स्थापित हो रहे हैं जबकि 18 पुराने ट्रांसफार्मरों को अपग्रेड किया जाएगा। सात किलोमीटर एचटी लाइनों और 3.50 किलोमीटर एलटी लाइनें नई बिछाई जाएंगी, वहीं पांच किलोमीटर लाइनों के तारों की कैपेसिटी को बढ़ाया जाएगा। इसी के साथ सोलर सिस्टम से क्षेत्र के सरकारी कार्यालय जगमगाएंगे, जहां न तो कट जैसी परेशानी होगी, न ही बिजली बिलों के रूप में भार पड़ेगा। इंटिग्रेटेड पावर डेवलपमेंट स्कीम (आईपीडीएस) के तहत 3.41 करोड़ की धनराशि से सामान की खरीद कर सोलर सिस्टम लगाने का कार्य आरंभ कर दिया है।
नालागढ़ के साथ न्यू नालागढ़ के लोग होंगे लाभान्वित
औद्योगिकीकरण के चलते नालागढ़ शहर में आबादी बढ़ने के साथ आए दिन लोड बढ़ जाने से बिजली चली जाती है, वहीं लो वोल्टेज जैसी समस्या भी पैदा हो रही है। ऐसे में नए ट्रांसफार्मर लगने और पुराने ट्रांसफार्मरों का आधुनिकीकरण और एचटी-एलटी लाइनों की कैपेसिटी बढ़ाने से नालागढ़ शहर के साथ न्यू नालागढ़ के लोगों की समस्या का स्थायी समाधान होगा। नालागढ़ शहर में करीब 30 हजार जबकि 20 हजार के करीब न्यू नालागढ़ में आबादी है।
एक्सईएन विद्युत बोर्ड नालागढ़ अमित गुप्ता ने कहा कि योजना के पहले चरण में सोलर पैनल स्थापित करने का कार्य शुरू हो गया है। अन्य काम भी शुरू होंगे ताकि इस योजना का लोगों को लाभ मिल सके।