अमर उजाला ब्यूरो
चंबा।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला करियां में जिला स्तरीय नेशनल रोल प्ले एवं फोक डांस प्रतियोगिता का आयोजन वीरवार को किया गया। इस मौके पर राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबा के प्रधानाचार्य विकास महाजन ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। कार्यक्रम में जिला उपशिक्षा अधिकारी सुरम सिंह, प्रधानाचार्य भाग सिंह, नोडल ऑफिसर राकेश ठाकुर, सुरेश कुमार और मनप्रीत मौजूद रहे। मेजबान स्कूल की कार्यवाहक प्रधानाचार्य अनूपा महाजन ने मुख्यातिथि को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। यह प्रतियोगिता राज्य शिक्षा अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के सौजन्य से आयोजित हुई। इस प्रतियोगिता में जिलेभर से आठ स्कूलों के साठ विद्यार्थियों ने भाग लिया। रोल प्ले प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला होबार ने पहला स्थान हासिल किया। मेजबान करियां स्कूल दूसरे स्थान पर रहा। ब्वॉयज स्कूल चंबा ने तीसरा स्थान हासिल किया। फोक डांस प्रतियोगिता में राजकीय उच्च विद्यालय पल्यूर और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लुड्डू ने क्रमश: पहला और दूसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को मुख्यातिथि ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर डीपीई उमेश चौणा और अन्य मौजूद रहे।
000