खलीणी में हादसा, सड़क से पलटी कार
शिमला। खलीणी-झंझीड़ी सड़क पर मंगलवार देर रात हादसा हो गया। एक कार स्टेट मार्केटिंग बोर्ड कार्यालय के समीप अनियंत्रित होकर सड़क से पलट गई। हादसे में कार चालक को चोटें लगी हैं। बताया जा रहा है कि सड़क तंग होने और पैरापिट न होने से यह हादसा हुआ। कार पलटकर बोर्ड कार्यालय के परिसर में जा गिरी। स्थानीय पार्षद पूर्णमल का कहना है कि जिस जगह पर यह हादसा हुआ, वहां पैरापिट लगाने के लिए लोक निर्माण विभाग को कई बार शिकायत दे चुके हैं लेकिन अभी तक विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने कहा कि यहां हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है।