अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की विवि इकाई ने योग विभाग में पहली बार प्रवेश के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा पर उठाए सवालों को लेकर शुक्रवार को अधिष्ठाता अध्ययन का घेराव किया। डीएस कार्यालय में इकाई अध्यक्ष विश्वबंधु शर्मा और सचिव सुयश पवार की अगुवाई में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने विवि के ही प्रवेश परीक्षा को बनाए सिलेब्स को न मानने का आरोप लगाते हुए प्रदेश के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। इन नेताओं का कहना है कि विवि प्रशासन प्रवेश के लिए 80:20 में लिखित परीक्षा और बीस अंक के साक्षात्कार में अब साक्षात्कार नहीं करवा रहा है। प्रशासन के इस फैसले से प्रदेश के कई पात्र छात्र पीएचडी में प्रवेश नहीं ले पाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन बाहरी राज्यों के लोगों को लाभ देने के लिए नियमों को दरकिनार किया जा रहा है। एबीवीपी इकाई अध्यक्ष ने कहा कि विवि प्रशासन बीस अंक साक्षात्कार करवाए और उसी के आधार पर प्रवेश पाने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार की जाए। यदि ऐसा न किया गया तो एबीवीपी आंदोलन करेगी। घेराव के दौरान योग विभाग के कार्यवाहक विभागाध्यक्ष प्रो. हिम चटर्जी भी मौजूद रहे। उधर, विवि डीएस ने छात्रों से कहा कि प्रवेश परीक्षा जरूर डीएस कार्यालय ने आयोजित की है, मगर सिलेब्स का मामला पूरी तरह से विभागाध्यक्ष के स्तर का है। पीएचडी में प्रवेश की सारी शर्तें और नियम विवि की वेबसाइट और विज्ञापन में साफ तौर पर लिखे गए थे। अब परीक्षा दोबारा करवाना किसी सूरत में संभव नहीं है। उधर, एबीवीपी ने चेताया है कि पीएचडी प्रवेश को लेकर उठाई जा रही मांग को पूरा किया जाए, ऐसा न हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।