शिमला। फिल्म पद्मावती को लेकर शनिवार को क्षत्रिय राजपूत प्रतिनिधि सभा ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। सभा के महासचिव रणदीप सिंह चौहान ने बताया कि पद्मावती फिल्म के निर्देशक संजय लीला भंसाली ने जानबूझ कर इतिहास से छेड़छाड़ कर रानी पद्मावती का गलत चित्रण किया है। उन्होंने बताया कि जानबूझ कर विवाद को तूल दिया जा रहा है। अगर भंसाली विवाद को खत्म करना चाहते तो राजा चितौड़ और राजपूत समाज के प्रतिनिधियों को फिल्म दिखाई जा सकती थी लेकिन ऐसा नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि इतिहास से छेड़छाड़ को लेकर जल्द सभा प्रदेश के राज्यपाल को भी ज्ञापन सौंपेगी। इस मौके पर सभा के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह चौहान सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।