शिमला। एचपी यूनिवर्सिटी के विभिन्न विभागों में एमफिल दाखिलों को लेकर एबीवीपी ने सोमवार को कुलपति प्रो. राजेंद्र चौहान का घेराव कर दिया। इकाई ने आरोप लगाया कि विभिन्न विभागों में एमफिल की सीटों पर योग्य छात्रों को दाखिले से वंचित रखा जा रहा है। इकाई अध्यक्ष विश्वबंधु शर्मा ने कहा कि हर विभाग में करीब 15-15 सीटें भरी जानी चाहिए। लेकिन, विवि प्रशासन सिर्फ सात से आठ सीटें ही भर रहा है। इससे योगा, शारीरिक शिक्षा, संस्कृत और केमिस्ट्री जैसे विभागों में दर्जनों छात्र एमफिल में दाखिला नहीं ले पाए हैं। ये अभी भी विभागों के चक्कर काट रहे हैं। अध्यक्ष ने कहा कि ये छात्र एमफिल एडमिशन की सारी शर्तें पूरी करते हैं, लेकिन दाखिला नहीं ले पा रहे। उन्होंने कहा कि यूजीसी के दिशा निर्देशों के बावजूद विवि प्रशासन अपने स्तर पर इन सीटों की संख्या में इजाफा कर सकता है। इकाई ने मांग की कि जल्द सभी विभागों में एमफिल की सीटें बढ़ाई जाएं। साथ ही पीएचडी में भी दाखिले की मांग की। कुलपति ने छात्रों की मांगें सुनने के बाद जल्द इन पर चर्चा करने का आश्वासन दिया है।