जुन्गा (शिमला)। स्वास्थ्य विभाग के सौजन्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कोटी में आयुष्मान आरोग्य शिविर लगाया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 180 मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की। शिविर का शुभारंभ मुख्य चिकित्सा अधिकारी शिमला डॉ. यशपाल रांटा ने किया। डॉ. यशपाल रांटा ने कहा कि जिले के दूरदराज क्षेत्रों में समय-समय पर विशेष चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस मौके पर खंड चिकित्सा अधिकारी मशोबरा डॉ. राकेश गोयल भी मौजूद रहे। चिकित्सा प्रभारी सीएचसी कोटी डॉ. निकिता सोहम ने बताया कि शिविर के दौरान 180 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। इनमें 18 मरीजों के एक्सरे किए गए जबकि 154 लोगों के शुगर और रक्तचाप की जांच की गई। आठ व्यक्तियों के बलगम के नमूने लिए गए। इसके अलावा 22 बच्चों की स्वास्थ्य जांच, सीवाईटीपी के 10 टेस्ट और एचबी के 12 टेस्ट किए गए। शिविर में 100 लोगों की आंखों की भी जांच की गई। उन्होंने बताया कि जांच के बाद मरीजों को निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। शिविर में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रशांत शर्मा, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सोनिका, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. गरिमा, डेंटल सर्जन डॉ. भीम, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. पारुल तथा डॉ. देवानंद ने मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं प्रदान कीं। संवाद