यूआईएलएस के उत्सव में नाटी पर मचाया धमाल
विधि छात्रों के लिए हुई मूट कोर्ट प्रतियोगिता
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के एवालॉज स्थित पांच वर्षीय विधि डिग्री कोर्स के यूआईएलएस संस्थान के चल रहे तीन दिन के विधि और सांस्कृतिक उत्सव के दूसरे दिन विवि सभागार में छात्र छात्राओं ने भंगड़ा, पहाड़ी नाटी जैसी प्रस्तुतियां देकर खूब रंग जमाया। वहीं, यूआईएलएस (यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट आफ लीगल स्टडीजी) एवालॉज में मूट कोर्ट सहित अन्य प्रतियोगिताएं भी करवाई गईं। मूट कोर्ट में 18 टीमों ने भाग लिया। इस मौके पर नरेश ठाकुर बतौर मुख्यातिथि शरीक हुए। वरिष्ठ अधिवक्ता नरेश ठाकुर ने मौजूद छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कानून के समक्ष चुनौतियां और इसका भविष्य विषय पर अपने विचार रखे। संस्थान के निदेश प्रो. संजय सिंधु ने कहा कि भविष्य में भी संस्थान इस तरह की कई गतिविधियां आयोजित करेगा। इस अवसर पर विवि के वरिष्ठ शिक्षक प्रो. एसएन शर्मा, प्रो. कैलाश ठाकुर, प्रो. एचआर झिंटा ने भी छात्रों को संबोधित किया। कार्यक्रम की समन्वयक डॉ. कुसुम चौहान और शिक्षक मोनिका शांडिल ने बताया कि मूट कोर्ट के अलावा दूसरे दिन नेशनज जजमेंट राइटिंग प्रतियोगिता और क्लाइंट काउंसलिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इनमें जजमेंट के लिए वरिष्ठ अधिवक्ताओं को बुलाया गया था। उन्होंने बताया कि इस उत्सव के तहत विवि के सभागार में पूर्व छात्रों का सम्मेलन और सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। इसमें विवि के प्रति कुलपति प्रो. राजिंद्र सिंह चौहान दूसरे दिन के मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने संस्थान के इस उत्सव आयोजन के इस पहले प्रयास की सराहना की।