शिमला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की विवि इकाई ने कैंपस में चल रही खाद्य पदार्थ की दुकानों में वसूले जा रहे अलग-अलग दामों में एकरूपता लाने की मांग को लेकर विवि के अधिष्ठाता छात्र कल्याण से मांग उठाई। इकाई अध्यक्ष विश्वबंधु शर्मा और सचिव सुयश पवार की अगुवाई में डीएसडब्ल्यू से मिले कार्यकर्ताओं ने कहा कि कैंपस में बनी कैंटीन और दुकानों में एक ही खाद्य सामग्री के अलग-अलग दाम छात्रों और कर्मचारियों से वसूले जा रहे हैं। उन्होंने नियमित तौर पर कैंटीन में निरीक्षण कर वसूले जा रहे दाम में एकरूपता लाने और छात्रों से की जा रही लूट को बंद करवाने की मांग उठाई। मांग की है कि कैंटीन में रेट लिस्ट लगाई जाए और उसी के आधार पर दाम वसूले जाएं। इकाई सचिव सुयश ने कहा कि परिसर में चल रही दुकानों में रि-अपीयर के फोटो स्टेट फार्म बीस-बीस रुपये में बेचे जा रहे हैं, जिसकी फोटोस्टेट महज दो रुपये में पड़ती है। जबकि एचपीयू से यही फार्म सिर्फ दस रुपये में मिलता है। दुकानदार दोगुना से अधिक दाम वसूल रहे हैं। उन्होंने ऐसी दुकानों में स्वयं चेकिंग कर इस तरह से सरकारी यूनिवर्सिटी में दोगुने दाम पर फॉर्म बेचे जाने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। कहा कि इन फॉर्म को एचपीयू कैंपस के काउंटर से स्वयं बेचने की व्यवस्था की जाए। सुयश ने कहा कि डीएसडब्ल्यू ने इन दोनों मांगों को जल्द पूरा करने और कार्रवाई करने का भरोसा दिया ।